अनुपम संदेश / गारू [ लातेहार ] : सरयू प्रखंड के घासीटोला पंचायत अंतर्गत पीरी गांव के बड़काटांड नाला पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को बरसात के दिनों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश शुरू होते ही नाला उफान पर आ जाता है, जिससे गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से प्रभावित हो जाता है। ग्रामीणों को आवागमन के लिए जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है।ग्रामीणों के अनुसार इसी मार्ग से बच्चे स्कूल जाते हैं, किसान बाजार पहुंचते हैं और मरीजों को अस्पताल ले जाया जाता है। बरसात के दौरान नाला का जलस्तर बढ़ने पर लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। कई बार ग्रामीणों को घंटों पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता है। इससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ ग्रामीणों के दैनिक कार्य भी प्रभावित होते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि बड़काटांड नाला पर पुल निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। पुल के अभाव में हर साल बरसात के मौसम में ग्रामीणों को इसी समस्या से जूझना पड़ता है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से बड़काटांड नाला पर अविलंब पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिल सके।
बड़काटांड नाला पर पुल नहीं, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचना भी चुनौती










